पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की महत्वाकांक्षी चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना को फिर से लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को जयपुर कलेक्ट्रेट के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। ज्ञापन देने पहुंचे कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई, जब उन्हें कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश से रोक दिया गया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोके जाने पर गुस्साए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें शांत कराया, जिसके बाद युवक कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर जितेन्द्र सोनी से मिला और ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़ें- Tonk News: सचिन पायलट ने कसा तीखा तंज- BJP की डबल इंजन सरकार सिर्फ धुआं फैला रही, ऑपरेशन सिंदूर पर कही ऐसी बात
युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता रवि कुमार सिकदर ने बताया कि जयपुर शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सैनी और जयपुर ग्रामीण अध्यक्ष धर्मवीर पायाला के नेतृत्व में चिरंजीवी योजना को पुनः लागू करने और बीमा राशि को 25 लाख रुपये करने की मांग को लेकर ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने गेट पर ही रोक दिया।
रवि सिकदर ने आरोप लगाया कि भजनलाल शर्मा सरकार ने सत्ता में आते ही गरीबों के लिए राहतकारी चिरंजीवी योजना को बंद कर दिया, जिससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों का इलाज बाधित हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने योजना को पुनः शुरू नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी आशीष बैरवा, प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा भार्गव, प्रदेश महासचिव करतार गुर्जर, राहुल यादव, प्रदेश सचिव मूलचंद महला, जिला उपाध्यक्ष गिर्राज चनेजा, मालवीय नगर विधानसभा उपाध्यक्ष प्रीति मौर्या, वंदना वर्मा, विमलेश वर्मा, नवरत्न मीणा सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: जयपुर ग्रामीण में नकली चाय कारोबार का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार; कुल 490 पैकेट जब्त