Jaipur News: आमेर पैलेस ड्यूटी गार्ड जावेद खान ने बताया कि सुबह से ही आमेर में लगातार बारिश हो रही थी। इसी दौरान दोपहर में दीवार का एक हिस्सा अचानक गिर पड़ा। पढ़ें पूरी खबर...।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार दोपहर आमेर किले की ओर जाने वाले रास्ते की एक दीवार अचानक ढह गई। हादसा करीब दोपहर 1:30 बजे बारिश के दौरान हुआ। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बरसात से कमजोर हुई दीवार अचानक ढही
आमेर पैलेस ड्यूटी गार्ड जावेद खान ने बताया कि सुबह से ही आमेर में लगातार बारिश हो रही थी। इसी दौरान दोपहर में दीवार का एक हिस्सा अचानक गिर पड़ा। सूचना मिलते ही उन्हें मौके पर बुलाया गया और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वहां मौजूद लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
स्टाफ की बाइक मलबे में दब गई
गिरी हुई दीवार के मलबे में किले के एक स्टाफ की बाइक दब गई थी। बाद में सिविल डिफेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाइक को मलबे से बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि जो दीवार गिरी है, वह रास्ता आमेर किले के साथ-साथ रामबाग जाने के लिए भी इस्तेमाल होता है। फिलहाल वहां आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।