बीसीसीआई ने देश के वर्तमान हालातों को देखते हुए आईपीएल का आयोजन स्थगित कर दिया है, जिसके चलते आगामी 16 मई को जयपुर में होने वाला राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला टल गया है।
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर आईपीएल पर भी देखने को मिल रहा है। बीसीसीआई ने वर्तमान हालात को देखते हुए आईपीएल के आयोजन को फिलहाल स्थगित कर दिया है। इसके चलते जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 16 मई को होने वाला राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला अब नहीं होगा। मैच के लिए नई तारीख की घोषणा फिलहाल नहीं की गई है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि गुरुवार को धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच चल रहे मैच के दौरान अचानक फ्लड लाइट बंद कर दी गई थी और स्टेडियम खाली करवाया गया। इस अप्रत्याशित घटना के चलते मैच को रद्द करना पड़ा, जिससे बड़ी संख्या में दर्शकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजस्थान रॉयल्स के वाइस प्रेसिडेंट राजीव खन्ना ने जानकारी दी है कि भारत-पाक विवाद के चलते बीसीसीआई ने आईपीएल को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। इसके तहत राजस्थान रॉयल्स के आगामी दो मैच भी रद्द कर दिए गए हैं। खन्ना ने कहा कि भविष्य में मुकाबले कब और कैसे होंगे, इसका फैसला अब बीसीसीआई के निर्देश पर ही होगा और फ्रेंचाइजी इसके अनुसार आगे की रणनीति बनाएगी।
विज्ञापन
जयपुर में अब तक हो चुके हैं चार मुकाबले
सवाई मानसिंह स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का होम ग्राउंड है, जहां इस सीजन कुल पांच मैच खेले जाने थे। इनमें से चार मुकाबले हो चुके हैं। इनमें राजस्थान को सिर्फ गुजरात के खिलाफ जीत मिली थी। अब 16 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाला आखिरी घरेलू मुकाबला था, जिसके 60 प्रतिशत से ज्यादा टिकट बिक चुके थे।
राजस्थान रॉयल्स का इस सीजन प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक 12 मुकाबले खेले हैं, जिनमें केवल तीन में जीत हासिल की है। छह अंकों के साथ वह पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है और प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है। बहरहाल सभी की नजरें बीसीसीआई के अगले फैसले पर टिकी हैं कि आईपीएल के शेष मुकाबले दोबारा कब कराए जाएंगे।