फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaipur News: कल शाम साढ़े पांच बजे सिटी पैलेस से निकलेगी तीज माता की सवारी, जानें क्या रहेगा ट्रैफिक प्लान

Sat, 26 Jul 2025 02:06 PM IST
प्रिया वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर में तीज माता की सवारी को लेकर प्रशासन की ओर से ट्रैफिक प्लान और पार्किंग व्यवस्था जारी कर दी गई है। कल शाम साढ़े पांच बजे तीज माता की भव्य सवारी सिटी पैलेस से शुरू होकर चौगान स्टेडियम पहुंचेगी।
विज्ञापन
तीज माता की सवारी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी जयपुर में हरियाली तीज के पावन अवसर पर 27 जुलाई को भव्य तीज माता की सवारी निकाली जाएगी। यह पारंपरिक सवारी रविवार शाम 5:30 बजे सिटी पैलेस की जनानी ड्योढ़ी से शुरू होकर त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार होते हुए चौगान स्टेडियम पहुंचेगी। इसके अगले दिन 28 जुलाई को बूढ़ी तीज की सवारी निकाली जाएगी।

विज्ञापन


इस ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में आमजन, पर्यटक और श्रद्धालु शामिल होते हैं। प्रशासन की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग प्लान पहले से तय कर लिया गया है ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।

ये रास्ते रहेंगे बंद और डायवर्ट

  • सिटी पैलेस के चारों ओर से आने वाले सभी मार्गों को सवारी प्रारंभ होने से पहले बंद कर दिया जाएगा।
  • त्रिपोलिया बाजार से निकलने के बाद केवल हल्के वाहन ही चौड़ा रास्ता की ओर जा सकेंगे, जिन्हें आगे बड़ी चौपड़ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
  • अजमेरी गेट से किशनपोल बाजार होते हुए छोटी चौपड़ की ओर बस और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
  • रामगढ़ मोड़ से कोई भी भारी वाहन जोरावर सिंह गेट या माउंट रोड की ओर नहीं जा सकेगा।
  • गढ़ गणेश चौराहा और चौगान स्टेडियम से गणगौरी बाजार की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हल्के वाहन बारह भाइयों के चौराहे से होकर चांदपोल बाजार की ओर भेजे जाएंगे।
  • गढ़ गणेश चौराहा से नाहरी का नाका की ओर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा।

ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था

  • न्यू गेट की ओर से आने वाले शहरवासी और पर्यटक अपने वाहन रामलीला मैदान और रामबाग में पार्क कर सकेंगे।
  • त्रिपोलिया गेट से छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान स्टेडियम तक सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पर दोपहर 3 बजे के बाद रोक रहेगी।
  • सांगानेरी गेट, सुभाष चौक और रामगंज चौपड़ की ओर से आने वाली बसों को शाम 4 बजे से बड़ी चौपड़ में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
  • सांगानेरी गेट से सुभाष चौक और वापसी में बसें घाटगेट, घाट बाजार, रामगंज चौपड़, चार दरवाजा होते हुए चलेंगी।
  • रामगंज चौपड़ से बड़ी चौपड़ की ओर जाने वाली बसें घाट बाजार होते हुए एमआई रोड की ओर डायवर्ट रहेंगी।

तीज पर्व का धार्मिक महत्व

विज्ञापन


प्रो. विनोद शास्त्री के अनुसार तीज माता वास्तव में मां पार्वती का ही रूप हैं। यह पर्व श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है, जो आमतौर पर जुलाई-अगस्त के बीच आता है। तीन दिन के इस त्योहार में पहले दिन सिंजारा, दूसरे दिन हरियाली तीज और तीसरा दिन बूढ़ी तीज के रूप में मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं माता पार्वती से अपने वैवाहिक जीवन की सुख-शांति, पति की लंबी उम्र और पारिवारिक समृद्धि की कामना करती हैं।

जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, निर्धारित पार्किंग में ही वाहन लगाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। सवारी मार्ग पर भीड़भाड़ न करें और प्रशासन का सहयोग करें ताकि यह धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें