झालावाड़ हादसे पर सचिन पायलट ने सरकार को घेरा
- फोटो : सोशल मीडिया
शुक्रवार को झालावाड़ जिले में हुए स्कूल हादसे को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के महासचिव सचिन पायलट ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे सरकार की लापरवाही करार देते हुए इसे आपराधिक बताया और मामले की गहन जांच की मांग की है।
सचिन पायलट ने कहा कि इस हादसे में 7 बच्चों की मौत हो गई। यह बेहद दर्दनाक है। यह घटना पूरी तरह से सरकार की लापरवाही का नतीजा है। मेरी नजर में यह आपराधिक लापरवाही है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: स्कूल हादसे में मृत बच्चों के परिवार को दस लाख का मुआवजा, घायलों से मिलने पहुंचे मदन दिलावर
उन्होंने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर भी निशाना साधा, जिन्होंने इस हादसे के लिए पिछली कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। पायलट ने पलटवार करते हुए कहा कि आप दो साल से सरकार में हैं। आपके पास सारी ताकत और संसाधन हैं, फिर भी समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब जब मासूम बच्चों की जान चली गई, तो जिम्मेदारी से भागा नहीं जा सकता। अब समय आ गया है कि जिम्मेदारी तय की जाए और जो भी दोषी हो, उसे तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूरे राज्य में एक व्यापक ऑडिट कराया जाए, जिससे यह पता चल सके कि मानसून के बाद किन-किन विद्यालय भवनों की स्थिति खतरनाक हो चुकी है। पायलट ने सरकार से अपील की कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस दिशा में त्वरित और ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।