केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले आज जयपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए महाराष्ट्र में ठाकरे गुट द्वारा हिंदीभाषी लोगों पर हो रहे कथित हमलों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य दुर्भाग्यपूर्ण हैं और इन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रामदास आठवले ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के कार्यकर्ता ऐसे हमलावरों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। हमारी पार्टी हमेशा हिंदीभाषी समाज के साथ खड़ी रही है और उनके हक की लड़ाई जारी रखेगी। राजस्थान में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार पर बात करते हुए आठवले ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष राधामोहन सैनी के नेतृत्व में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता प्रदेश के कोने-कोने में पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों को लेकर जनसंपर्क कर रहे हैं। आमजन का भरोसा पार्टी पर बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: चिकन के भाव को लेकर भड़का विवाद, हिंसक संघर्ष में दो मरे, 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मंत्री आठवले ने बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश में युवा रोजगार को लेकर परेशान हैं। हमारी पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है और हम बेरोजगारी जैसे मुद्दों को केंद्र सरकार के सामने मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिपब्लिकन पार्टी सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों पर काम करते हुए समाज के वंचित वर्ग की आवाज बनकर कार्य करती रहेगी।