श्याम नगर थाना क्षेत्र के कटेवा नगर में महिलाओं के साथ मारपीट के मामले में विधायक गोपाल शर्मा और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए माली सैनी महासभा राजस्थान ने सोमवार को सोडाला चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक गोपाल शर्मा का पुतला जलाकर उनके खिलाफ नारेबाजी की गई। महासभा ने सरकार और प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर ले जाया जाएगा।
माली सैनी महासभा के महामंत्री सागर मावर ने बताया कि पुलिस ने समाज के मोतीलाल सैनी के घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की। आरोप है कि यह घटना महिला पुलिसकर्मी की अनुपस्थिति में हुई और इसमें सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल शर्मा की मिलीभगत है। इस घटना से पूरे माली समाज में गहरा आक्रोश है।
महासभा के नेताओं ने कहा कि फिलहाल यह विरोध प्रदर्शन सांकेतिक है। यदि सरकार और प्रशासन ने दो दिन में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन प्रदेशव्यापी होगा। महासभा ने सरकार से मांग की है कि महिलाओं के साथ हुई इस घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और महिला सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।