Jaipur News: जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा में नकली चाय कारोबार का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नकली चाय के कुल 490 पैकेट जब्त किए गए हैं।
जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा थाना पुलिस ने नकली चाय के कारोबार में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू, रितेश और संगम के रूप में हुई है, जो सभी शाहपुरा क्षेत्र के निवासी हैं।
विज्ञापन
पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहपुरा क्षेत्र में माहेश्वरी ब्रांड नाम से नकली चाय का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएसटी (DST) टीम ने शाहपुरा थाना पुलिस और माहेश्वरी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग दुकानों पर रेड की गई, जिसमें नकली चाय के कुल 490 पैकेट जब्त किए गए। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये चाय पैकेट मूल कंपनी के नाम और ब्रांड का दुरुपयोग कर बेचे जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि ये नकली चाय खुद तैयार कर रहे थे या किसी और स्रोत से मंगवाकर स्थानीय बाजार में खपा रहे थे। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।