DRI अधिकारियों की खुफिया जानकारी के आधार पर जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम्स विभाग ने बैंकॉक से आने वाली फ्लाइट संख्या FD 130 से आई दो महिला यात्रियों को लगभग 6 किलो हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) के साथ पकड़ा। कस्टम्स अधिकारियों ने दो महिला यात्रियों के ट्रॉली बैग से लगभग 6 किलो हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया। जब्त किए माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये है।
नशे की तस्करी से जुड़ी दोनों युवतियों को कस्टम्स ने गिरफ्तार करके दिनांक 01.02.2025 को NDPS कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया। वहां से माननीय न्यायालय के आदेश के बाद दोनों महिला आरोपियों को जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि 10 दिन पहले भी राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई), जयपुर ने हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) की तस्करी के मामले में एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया था।