भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर स्थापना दिवस के अवसर पर दो अलग-अलग संस्थाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर कहा कि खुशी मनाना एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा, "जयपुर स्थापना दिवस हम सभी के लिए गर्व का विषय है। अगर अलग-अलग संस्थाएं कार्यक्रम कर रही हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है। जयपुर नगर निगम अब दो हिस्सों में विभाजित है—हेरिटेज और ग्रेटर। दोनों अपनी-अपनी जिम्मेदारी के तहत आयोजन कर रहे हैं। परिवार में भी अगर अलग-अलग सदस्य अपनी खुशी मनाते हैं, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।"
धीरज गुर्जर के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता धीरज गुर्जर द्वारा अफसरों पर जूते मारने की टिप्पणी को लेकर मदन राठौड़ ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा, "ऐसे बयान राजनीति को गलत दिशा में ले जा रहे हैं। क्या राजनीति में दादागिरी और गुंडागर्दी चलेगी? कानून व्यवस्था और नैतिकता के सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता को भी यह निर्णय करना चाहिए कि वे कैसा नेतृत्व चाहते हैं।" राठौड़ ने कहा कि अगर बाहुबलियों को संरक्षण दिया जाएगा, तो सभ्य और नीतिगत राजनीति के लिए जगह नहीं बचेगी। उन्होंने जोर देकर कहा, "राजनीति का आधार कानून और नैतिकता होनी चाहिए, न कि गुंडागर्दी। अधिकारी से कानून के तहत बात होनी चाहिए, न कि बाजार की भाषा में। राज्य कानून से चलेगा, बाहुबलियों से नहीं।"
राहुल गांधी पर निशाना
राहुल गांधी पर सवाल करते हुए राठौड़ ने कहा कि उन्हें समाज को जोड़ने की बात करनी चाहिए, न कि तोड़ने की। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी नेता विपक्ष हैं, उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उनके बयानों से ऐसा लगता है जैसे जिसके मन में चोर होता है, वही ऐसी सोच रखता है।" मदन राठौड़ ने यह भी कहा कि राजनीति में स्वस्थ और सकारात्मक संवाद की आवश्यकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे नेताओं और विचारधाराओं को खारिज करें जो राजनीति को बदनाम कर रहे हैं। मदन राठौर ने कहा कि हमारे मन बिल्कुल साफ हैं। समाज को एक करना। देश का प्रत्येक नागरिक एक रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भागवत ने कहा है कि किसी की पूजा पद्धति कोई भी हो कोई मंदिर में प्रार्थना करें, आराधना करें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन राष्ट्रीय चरित्र चाहिए, देशभक्ति चाहिए। इस देश के प्रति समर्पण का भाव चाहिए। कांग्रेस ने हमेशा देश को तोड़ने का षड्यंत्र किया परिवार के एक सदस्य को कुछ देना चाहोगे बिना मेहनत के देना चाहोगे दूसरे को मेहनत करने के बाद नहीं दोगे तो निश्चित रूप से भेदभाव पनपेगा। समाज टूटेगा। परिवार भी ऐसे टूटता है।
समाज को तोड़ने का षड्यंत्र कांग्रेस कर रही है
हम तो कहते हैं एक रहो। देश के प्रति समर्पण का भाव रहे। यह हमारी सोंच है। एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे। जिन देशों में एक नहीं रहे वहां कितनी दुर्गति हुई है। बांग्लादेश पाकिस्तान को देख सकते हो एक नहीं रहे। वहां सेफ नहीं रहे। राहुल गांधी के बुद्धि के बारे में क्या जवाब दूं। जलेबी के लिए कारखाने की बात करते हैं। आलू से सोना कैसे निकालें इसके बारे में बात करते हैं। हरी मिर्च और लाल मिर्च के भाव में अंतर देखकर लाल मिर्च बोने की बात करते हैं। उनके बारे में क्या कहूं। वह कहीं से भी कैसे भी बात पर चर्चा कर लेते हैं, जिसका कोई अर्थ नहीं होता। बिना अर्थ की बात का जवाब मुझे देना नहीं चाहिए।