कैमरे में कैद हुई लूट की वारदात।
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर में चेन स्नेचिंग की वारदात ने महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला शिप्रापथ थाना क्षेत्र का है, जहां मंगलवार शाम मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले उनकी आंखों में मिर्च झोंकी, फिर उन्हें धक्का देकर गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़िता सुशीला देवी ठोलिया रोजाना की तरह पास के जैन मंदिर में दर्शन करने गई थीं। शाम करीब 7:45 बजे वह मंदिर से लौट रहीं थीं। तभी उनके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर बाइक पर आए दो युवकों ने उन्हें पहले क्रॉस किया, फिर बाइक मोड़कर वापस आए और वारदात को अंजाम दिया। सुशीला देवी के मुताबिक, बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। जब तक वह कुछ समझ पातीं, उनके गले से सोने की चेन खींच ली गई।
घटना के तुरंत बाद सुशीला देवी ने शोर मचाया। जिस पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला और एक राहगीर युवक दौड़कर आए। दोनों ने बाइक सवारों का पीछा किया, लेकिन वे तेज रफ्तार में भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि बदमाश पहले से रेकी करके आए थे, क्योंकि उन्होंने मंदिर में दर्शन के दौरान उन्हें देखा होगा। मंदिर में वह करीब आधे घंटे तक मौजूद रहीं।
ये भी पढ़ें-
निजी स्कूल की तीसरी मंजिल पर लगी आग, बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, बड़ा हादसा टला
घटना के दौरान सुशीला देवी के गले पर चोट आई है। उन्होंने बताया कि चेन खींचते वक्त उन्होंने पल्ला कसकर पकड़ रखा था, जिससे उनके गले में खरोंच आ गई। यही नहीं, आंखों में मिर्च डालने के बावजूद उन्हें ज्यादा नुकसान नहीं हुआ क्योंकि कुछ दिन पहले ही आंखों का ऑपरेशन हुआ था और उन्होंने चश्मा पहन रखा था। मिर्च चश्मे पर ही लगकर रह गई, जिससे उनकी आंखें बच गईं। पुलिस ने वारदात के CCTV फुटेज जुटा लिए हैं और बदमाशों की पहचान की कोशिश कर रही है। वहीं, इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि शाम होते ही अब अकेले निकलने में डर लगने लगा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बदमाशों ने जिस तरीके से हमला किया है, वह किसी गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं जो बुजुर्गों को टारगेट करता है। शिप्रापथ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई है।