रविवार को जयपुर के एक होटल में आयोजित सम्मान समारोह में देशभर से आए करीब 50 स्कूल डायरेक्टर और 100 शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस दौरान हवा महल से भाजपा विधायक आचार्य बालमुकुंद ने मंच से भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगवाए।
कार्यक्रम में मौजूद एक मुस्लिम युवक ने नारा नहीं लगाया, जिस पर विधायक ने युवक से कहा- आज भी देश में कुछ लोग हैं, जो इस देश में रहते हैं लेकिन देश के खिलाफ रहते हैं। भाई साहब, बाहर से आए हो क्या? देश के नहीं हो क्या? युवक ने अपना नाम मोहम्मद बताते हुए कहा कि वह महाराष्ट्र का निवासी है। आचार्य द्वारा मंच से कई बार वंदे मातरम् के नारे लगवाने के बाद भी युवक ने वंदे मातरम् नहीं बोला। कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने आचार्य की बातों का विरोध करते हुए कहा कि आप जबरदस्ती ऐसे नारे नहीं लगवा सकते? जमीन हमारी माता नहीं है।
ये भी पढ़ें: Balotra News : जोजरी बचाओ आंदोलन की गूंज तेज, बेनीवाल का सरकार को अल्टीमेटम ; समाधान नहीं तो संघर्ष होगा तेज
विवाद बढ़ने के बाद विधायक मंच से नीचे उतरकर युवक के पास भी पहुंचे। उनके जाने के बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा हो गया और लोगों ने आयोजकों का घेराव कर लिया। स्वामी बालमुकुंद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर लोग अलग-अलग राय दे रहे हैं। कोई उनके इस कदम का समर्थन कर रहा है तो कोई इसे गलत बता रहा है।
गौरतलब है कि बालमुकुंद आचार्य इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। चुनाव से पहले उन्होंने जयपुर के मंदिरों का मुद्दा उठाया था। विधायक बनने के बाद भी उनके कई बयानों पर भाजपा को सफाई देनी पड़ी थी। कुछ समय पहले जयपुर की जामा मस्जिद के बाहर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगवाने को लेकर भी वे विवादों में आए थे। उस समय भी शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। वीडियो वायरल होने के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या भाजपा अपने विधायक पर कोई कार्रवाई करेगी?