घटना के बारे में बतातीं पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत।
- फोटो : अमर उजाला
चोरों ने पिछली सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं शकुंतला रावत को भी नहीं बक्शा। टाला तोड़कर चोर घर में घुसे और जो मिला उसे लेकर चलते बने। घटना के समय घर में कोई नहीं था। गुरुवार सुबह परिवार आया तो ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। पूर्व मंत्री ने पुलिस में रिपोर्ट दी है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत ने बताया कि कर्मचारी कॉलोनी स्थित उनके घर में मंगलवार रात चोर घुसे। घटना के समय पति और परिवार के अन्य लोग सामने वाले मकान में थे। इस कारण बुधवार सुबह ताले टूटने का पता लगा। उन्होंने बताया एक दिन पहले ससुराल मोहम्मदपुर (बहरोड़) में भी घर में कुछ लोग घुसे और सामान बिखेर कर चले गए। यह सब एक साजिश लगती है।
उनका कहना है कि करीब सवा साल पहले अलवर के मकान में उनके घर सामने से कार निकलती थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी थी। दो महीनों में दो बार कार ने भी दूसरे वाहनों से हल्की भिड़ंत की है। अब इन सब घटनाओं को देखकर लगता है कि कोई न कोई साजिश कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करें।
डबल इंजन की सरकर में अपराध बढ़ा
शकुंतला रावत ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार है। इसके बावजूद चोरी सहित अन्य तरह का अपराध तेजी से बढे़ हैं। पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करने की जरूरत है। चोरों का पता लगना चाहिए। उन्होंने बताया कि उनके पति इस मकान की बजाय दूसरे मकान में थे। वह खुद यहां नहीं थी। पहले दो बार हमारी गाड़ी को ठोकर मारी गई। इन सब घटनाओं को देखकर लगता है कुछ न कुछ साजिश हो सकती है।