राजस्थान के मुख्यमंत्री ने अशोक गहलोत ने आगामी तीज के त्योहार (19 अगस्त) को जयपुर में आधे दिन का अवकाश घोषित किया है। इस दिन जयपुर स्थित राज्य सरकार के सभी कार्यालयों, उपक्रमों और शिक्षण संस्थानों में तीज के पहले दिन दोपहर लंच टाइम से अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इस बार 19 अगस्त को तीज मेले और 20 अगस्त को बूढ़ी तीज मेले का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से जयपुर शहर में कार्यरत राजकीय अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आमजन इस मेले में शामिल हो सकेंगे।
लोक कलाकार प्रोत्साहन कार्ड देने के प्रस्ताव को मंजूरी
प्रदेश में लोक कलाओं के संरक्षण और लोक कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2023 के अंतर्गत लोक कलाकारों को लोक कलाकार प्रोत्साहन कार्ड देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। साल 2023-24 के बजट में सीएम ने ये योजना लागू करने की घोषणा की थी। इस योजना में लोक कलाकारों को प्रति परिवार प्रति वर्ष 100 दिवस राजकीय उत्सवों, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और शिक्षण संस्थानों में कला प्रदर्शन के अवसर प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, योजना के अंतर्गत लोक कलाकारों को उनकी कला से संबंधित यंत्र-उपकरण क्रय करने के लिए पांच हजार रुपये राशि की एकबारीय आर्थिक सहायता देय है।