जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार, 10 अगस्त को नगर निगम के खिलाफ ‘हिसाब मांगो रैली’ निकाली जाएगी। कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता, नेता, विधायक, विधानसभा प्रत्याशी और निवर्तमान पार्षद सुबह 10 बजे टोंक रोड स्थित नेहरू प्लेस पर जुटेंगे। यहां से जुलूस के रूप में नगर निगम की ओर रवाना होकर निगम का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए यातायात पुलिस ने टोंक रोड और अजमेर रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
बसों के रूट में भी बदलाव
टोंक रोड से सिंधी कैंप आने वाली बसों को यातायात दबाव बढ़ने पर गोपालपुरा पुलिया के नीचे से गोपालपुरा बाईपास, किसान धर्म कांटा, 200 फीट चौराहा, एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर-14 और सीकर रोड के रास्ते सिंधी कैंप भेजा जाएगा। वहीं, सिंधी कैंप से टोंक रोड जाने वाली बसें गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा, अजमेर रोड, सोडाला, गुर्जर की थड़ी और गोपालपुरा बाईपास होकर टोंक रोड पहुंच सकेंगी।
अजमेर रोड पर भी बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
अजमेर रोड पर जयपुर की ओर आने वाले सामान्य यातायात को 200 फीट चौराहे से बदरवास और किसान धर्म कांटा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। एक्सप्रेस हाईवे की तरफ से 200 फीट चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को स्लिप लेन में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मानसरोवर की तरफ से अजमेर रोड होते हुए शहर की ओर आने वाले वाहन गोपालपुरा बाईपास और सोडाला होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। दोनों तरफ मुख्य मार्ग बंद होने की स्थिति में जयपुर से अजमेर की ओर जाने वाले वाहनों को पुरानी चुंगी अजमेर रोड से क्वीन रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
अजमेर रोड पर बसों के लिए वैकल्पिक रूट
एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं को मिलेगी छूट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही निर्बाध रखी जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रदर्शन के दौरान टोंक रोड और अजमेर रोड के प्रभावित हिस्सों से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।