फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयपुर एयरपोर्ट से रोजाना उड़ान भरेंगी 152 फ्लाइट: लखनऊ-सूरत के लिए हर दिन सेवा; दुबई की कनेक्टिविटी भी बढ़ी

Thu, 22 Oct 2026 02:45 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,जयपुर

सार

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 25 अक्टूबर से 27 मार्च तक लागू रहने वाले नए विंटर शेड्यूल की घोषणा की है। इसके तहत साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 811 से बढ़ाकर 1,010 कर दी गई है, जिससे रोजाना औसतन करीब 152 उड़ानों का संचालन होगा।
विज्ञापन
जयपुर एयरपोर्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 25 अक्टूबर से 27 मार्च तक लागू रहने वाले नए विंटर शेड्यूल की घोषणा कर दी है। इस शेड्यूल के तहत साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 811 से बढ़ाकर 1,010 कर दी गई है। इसके लागू होने के बाद जयपुर एयरपोर्ट से रोजाना औसतन करीब 152 उड़ानों का संचालन होगा। नए शेड्यूल में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाई गई है। इससे यात्रियों को प्रमुख शहरों के साथ विदेशों के लिए भी बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

घरेलू उड़ानों की संख्या बढ़ी, प्रमुख शहरों के लिए बढ़ेंगे फेरे

नए विंटर शेड्यूल के तहत जयपुर एयरपोर्ट से कुल 900 साप्ताहिक घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा। एयरलाइंस कंपनियों ने दिल्ली, मुंबई, पुणे, नवी मुंबई, नोएडा और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों के फेरे बढ़ाए हैं। इसके साथ ही राजस्थान के भीतर बीकानेर, जोधपुर और उदयपुर के लिए भी हवाई कनेक्टिविटी बेहतर की गई है। यात्रियों के लिए सबसे अहम बदलाव लखनऊ और सूरत के रूट पर किया गया है। अब इन दोनों शहरों के लिए सप्ताह में केवल चार दिन के बजाय सातों दिन नियमित उड़ानें संचालित होंगी। इससे इन शहरों के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे।

अकासा एयर ने जयपुर से मुंबई और बेंगलूरु के लिए शुरू की सेवाएं

जयपुर एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के क्रम में अकासा एयर ने भी मुंबई और बेंगलूरु के लिए नई सेवाएं शुरू की हैं। वहीं, समर शेड्यूल के दौरान संचालित हो रही अधिकांश उड़ानें नए विंटर शेड्यूल में भी जारी रहेंगी। घरेलू उड़ानों के विस्तार से यात्रियों को अलग-अलग शहरों के लिए यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 68 से बढ़कर 110 साप्ताहिक हुईं

जयपुर एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां 68 साप्ताहिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित हो रही थीं, वहीं नए विंटर शेड्यूल में इनकी संख्या बढ़कर 110 हो गई है। एयरलाइंस कंपनियों ने खाड़ी देशों के प्रमुख शहरों दुबई और मस्कट के लिए अतिरिक्त दैनिक उड़ानें शुरू की हैं।

विज्ञापन

इसके अलावा, थाईलैंड जाने वाले यात्रियों के लिए थाई एयरएशिया ने जयपुर से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान सेवा दोबारा शुरू करने की घोषणा की है। यह अंतरराष्ट्रीय सेवा सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। इससे बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को जयपुर से सीधी हवाई यात्रा का विकल्प मिलेगा।

यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए बढ़ाई गईं उड़ानें

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, उड़ानों की संख्या में यह बढ़ोतरी यात्रियों की बढ़ती मांग और राजस्थान के विमानन बाजार में एयरलाइंस कंपनियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। नए विंटर शेड्यूल में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार से जयपुर की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही, लखनऊ, सूरत, दुबई, मस्कट और बैंकॉक जैसे रूट पर यात्रियों को बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें