Aaj Ka Mausam:राजस्थान में आज बारां, भरतपुर, डीग, धौलपुर और झालावाड़ में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी है। 11 जुलाई से बारिश कमजोर पड़ सकती है।
Aaj Ka Mausam:पूर्वी राजस्थान में मानसून अपनी मौजूदगी का भरपूर अहसास करवा रहा है जबकि पश्चिमी राजस्थान में अब भी मानसून का इंतजार हो रहा है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अब तक मानसून की एंट्री नहीं हुई है। जयपुर मौसम केंद्र ने गुरुवार को पूर्वी तथा दक्षिण पूर्वी राजस्थान के बारां, भरतपुर, डीग, धौलपुर और झालावाड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं अत्यधिक तेज बारिश की चेतावनी दी है।
लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर, अलवर, टोंक, चित्तौड़गढ़, सिरोही, दौसा, प्रतापगढ़, झुंझुनूं, अजमेर और भीलवाड़ा समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। अधिकतम तापमान 33.1 और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जोधपुर में भी पिछले दिनों हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और गर्मी का असर कम रहा।
11 जुलाई से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 10 जुलाई तक मानसून का प्रभाव बना रहेगा और कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 11 जुलाई से मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ सकता है, जिससे बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।