राजधानी जयपुर में बीते 48 घंटों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अब मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है कि सोमवार और मंगलवार को यहां अत्यन्त भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने 25 व 26 अगस्त को जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्र एवं राजकीय गैर राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों का अवकाश घोषित कर दिया है।
जयपुर में लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई इलाके प्रभावित हुए हैं। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जर्जर भवनों, जलभराव और बारिश से हुए अन्य नुकसान की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना को देखते हुए डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने एवं आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी नियंत्रण कक्ष से तुरंत संपर्क करने की अपील की।
ये भी पढ़ें-
जयपुर में साढ़े तीन इंच से ज्यादा बारिश, देर रात से शुरू हुई झमाझम सुबह तक जारी
पंप से निकाल जा रहा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
मडपंप से पानी की निकासी
डॉ. सोनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, जहां आवश्यक हो वहां मड पंप लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए तथा कमजोर एवं जर्जर भवनों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया जाए। संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में सैंडबैग लगाने और जलभराव को रोकने के उपाय भी करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, जिले के सभी उपखंड अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने लो लाइन एरिया, जर्जर भवनों और जलभराव प्रभावित बस्तियों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने नगर निकाय, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी और आपदा प्रबंधन दल सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो।