पूर्व सीएम का फेक वीडियो मामला
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से फर्जी लेटर तैयार करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए वीडियो बनाकर उसे वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को बुधवार को जयपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने मोहाली (पंजाब) निवासी अमृता धुमाल को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। वहीं भोपाल निवासी आरोपी निखिल, बिलाल खान और इनाम अहमद को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
मामले की जांच कर रही ज्योति नगर थाना पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी। पूछताछ में यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपियों ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर वीडियो कैसे तैयार किया गया और फर्जी लेटर किस स्रोत से उपलब्ध कराया गया। डीसीपी साउथ राजर्षि राज के अनुसार फिलहाल पुलिस के पास वायरल वीडियो से संबंधित ही मामला दर्ज है, जिसके कारण जांच का दायरा सीमित है।
ये भी पढ़ें: Jabalpur News: कांग्रेस आईटी सेल कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट सख्त, भोपाल पुलिस से मांगा जवाब
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वसुंधरा राजे के नाम से तैयार फर्जी लेटर पर हस्ताक्षर किसने किए और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के पीछे कौन लोग शामिल थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वीडियो एआई के माध्यम से तैयार किया गया था और इसमें अमृता धुमाल की भूमिका अहम हो सकती है।
जांच एजेंसियों के अनुसार इस फर्जी कंटेंट को बाद में कांग्रेस के तीन आईटी सेल कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। यह भी सामने आया है कि फर्जी लेटर मोहन भागवत को संबोधित करके बनाया हुआ था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को मध्य प्रदेश के भोपाल से और एक आरोपी को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया था। चारों आरोपियों को बुधवार को जयपुर लाया गया। अब पुलिस पूरे नेटवर्क, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह और इसे फैलाने वाले अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।