राजस्थान में 12 अक्टूबर को मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है। बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि जयपुर समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 अक्टूबर को बीकानेर संभाग और शेखावाटी के कुछ जिलों में फिर बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। श्रीगंगानगर के करणपुर में सबसे ज्यादा 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, फलोदी में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के बावजूद प्रदेश के कई इलाकों में दिन की गर्मी बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान के मध्य हिस्से में बने परिसंचरण तंत्र और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश तक सक्रिय ट्रफ के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। अरब सागर से आ रही नमी भी इसमें भूमिका निभा रही है।
यह भी पढें-
पंचायत चुनाव: अधिसूचना जारी, फिर भी भाजपा-कांग्रेस-बीएपी ने नहीं खोले पत्ते, एक-दूसरे की सूची का इंतजार
इन जिलों में चल सकती हैं तेज हवाएं
13 और 14 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में फिलहाल व्यापक बारिश के आसार नहीं हैं। 15 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है, जबकि 16 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खुले में रखी फसल और अनाज को बारिश से बचाने के लिए ढककर रखें और सुरक्षित जगह पर रखने की व्यवस्था करें।