जयपुर में प्रॉपर्टी के विवाद में देवर ने अपनी भाभी और भतीजे-भतीजी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले के बाद आरोपी मौके से भागकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के आगे छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया।
चाकू से हमले में घायल दोनों मासूमों की मौत हो गई है, जबकि महिला का SMS हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घटना झोटवाड़ा इलाके की है। डीसीपी पश्चिम अमित कुमार ने बताया- लक्ष्मी नगर, निवारू रोड स्थित नंद गांव में बुधवार रात करीब 9 बजे प्रॉपर्टी विवाद को लेकर देवर रघुवीर ने अपनी भाभी शकुंतला, मासूम भतीजे सूर्यप्रताप और भतीजी दिव्यांशी को चाकू से गोद डाला।
हमले के बाद रघुवीर मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। चीखें सुनकर पड़ोसी इकट्ठे हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला और 2 बच्चे लहूलुहान हालत में मिले। घर में खून ही खून फैला था। पुलिस ने मां-बच्चों को एसएमएस हॉस्पिटल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दिव्यांशी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सूर्यप्रताप और शकुंतला को इलाज के लिए भर्ती किया। इलाज के दौरान सूर्यप्रताप ने भी दम तोड़ दिया। शकुंतला की हालत गंभीर बनी हुई है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए हैं।