कौलारी थाना क्षेत्र के बसईनवाब कस्बे में मनियां मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से पैदल जा रहा युवक करीब 20 फीट तक हवा में उछल सड़क किनारे जा गिरा। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फिलहाल युवक को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार नगला हरलाल गांव निवासी दरबसिंह पुत्र भगवानसिंह जाटव अपने घर लौट रहा था, तभी गांव के निकट मनियां मार्ग पर सड़क पार करते हुए उसे तेज रफ्तार से आ रही कार ने टक्कर मार दी। कार से टकराने के कारण युवक करीब 20 फीट ऊपर तक उछलकर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पास ही मौजूद दुकान पर बैठे कुछ लोगों ने भागकर युवक को संभाला और एम्बुलेंस 108 की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।