सार
जयपुर में बुधवार को दो अलग-अलग चोरी की घटनाएं सामने आईं। ट्रांसपोर्ट नगर की सेठी कॉलोनी में 70 वर्षीय महिला से चेन स्नैचिंग की गई, जबकि श्याम नगर में दो युवक चाबी बनाने के बहाने घर में घुसे और अलमारी से 10 तोला सोना व ₹50,000 नकदी चुरा ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जयपुर में दिनदहाड़े दो बड़ी चोरी की वारदात।
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी जयपुर में दिन दहाड़े लूट, छीनाझपटी और चोरी की दो वारदात हुई। सेठी कॉलोनी का बुधवार दोपहर एक बदमाश घर के अंदर बैठी महिला की चेन तोड़ कर भाग गया। वहीं श्याम नगर में बदमाशों ने अलमारी की चाभी बनाने के बहाने से उसमें रखे गहने-कैश चुरा लिए। सेठी कॉलोनी में बदमाश ने 70 साल की बुजुर्ग महिला की सोने की चेन लूट ली।
सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि महिला पोर्च में कपड़े सुखा रही थीं। मेन गेट खोलकर हेलमेट पहना बदमाश चुपचाप घर के अंदर घुसा। उसने पीछे से महिला के गले पर झपट्टा मारा। झटके से चेन तोड़ ली। छीनाझपटी में महिला नीचे गिर पड़ीं। बदमाश टूटी हुई आधी चेन लेकर फरार हो गया। मामला ट्रांसपोर्ट नगर की सेठी कॉलोनी का बुधवार दोपहर 1:30 बजे का है। ट्रांसपोर्ट थाना SHO अरुण कुमार ने बताया- सेठी कॉलोनी निवासी शकुंतला जैन (70) के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात हुई है। पीड़ित परिवार ने CCTV फुटेज के आधार पर चेन स्नेचिंग की शिकायत दी है। FIR दर्ज कर ली है। जांच में सामने आया है कि चेन झपटने वाला बदमाश बिना नंबर की पल्सर बाइक पर आया था। अब CCTV फुटेज के आधार पर लुटेरे की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-
बिना लाइसेंस बिक रही संदिग्ध कृषि दवाइयों पर कार्रवाई, गोदाम सीज, एफआईआर दर्ज
वहीं, एक दूसरी वारदात में जयपुर में ताला-चाबी ठीक करवा लो की आवाज लगाकर घूम रहे दो युवकों को घर के अंदर बुलाना महंगा पड़ गया। अलमारी की चाबी बनाते समय नजर बचाकर दोनों बदमाशों ने लॉकर में रखा 10 तोला सोना और 50 हजार रुपये कैश चोरी कर लिया। श्याम नगर थाना पुलिस CCTV फुटेजों के आधार पर चोर सिकलीगर की तलाश कर रही है। श्याम नगर एसएचओ दलबीर सिंह ने बताया कि देवी नगर के सावित्री कॉलोनी निवासी दिव्या राठौड़ ने रिपार्ट दर्ज करवाई है कि 19 जुलाई को कॉलोनी में दो सिकलीगर घूम रहे थे। दिव्या की मां ने इन्हें अलमारी का ताला ठीक करवाने के लिए घर में बुला लिया। इसके बाद दोनों बदमाश लॉकर खोलकर उसमें रखे 10 तोला सोने के गहने और चांदी की तीन जोड़ी पायल तथा 50 हजार रुपये चोरी कर लिए।