राजधानी जयपुर में शनिवार को स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े एक व्यक्ति की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। हत्यारे इसके बाद स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गए। लेकिन स्थानीय लोगों ने घटना के जो वीडियो रिकॉर्ड किए उसे लेकर अब सियासी विवाद छिड़ गया है। स्कॉर्पियो गाड़ी पर बीजेपी का झंडा दिखाई दे रहा है। वहीं वीडियो बनाने वाले यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि यह पार्षद की गाड़ी है। कांग्रेस ने अब इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर हमला बोल दिया है।
नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने घटना का वीडियो ट्वीट करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा से इस पर जवाब मांगा है। उन्होंने लिखा-
भाजपा का झंडा अब कानून से ऊपर होने का प्रतीक बन गया है। जयपुर के विद्याधर नगर की घटना साबित करती है कि सत्ता के संरक्षण में पल रहे और सत्ता के नशे में चूर कार्यकर्ता अगर सड़क पर निर्दोष लोगों को डंडे से पीटे और कुचलकर भाग निकले, तो यह लोकतंत्र नहीं, जंगलराज है। ये सत्ता नहीं अराजकता है। अगर सरकार चुप है, तो इसका सीधा अर्थ है कि उसने अपने कार्यकर्ताओं को आम जनता को मारने का लाइसेंस दे रखा है। यह कानून और लोकतंत्र, दोनों की खुली हत्या है।
गौरतलब है कि शनिवार को जयपुर के मुरलीपुरा के पास रोड नंबर 5 स्थित खाटूश्याम मंदिर से कुछ दूरी पर शाम 5 बजे स्कॉर्पियो जीप एक कार से भिड़ गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने गाड़ी से उतर कर कार के शीशे तोड़ दिए। झगड़ा बढ़ते देख वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। खुद को भीड़ से घिरता देख बदमाशों ने स्कॉर्पियो को दौड़ा दिया। इस दौरान एक युवक स्कॉर्पियो की चपेट में आ गया। जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी चंद्रशेखर(35) के रूप में हुई है जो जयपुर में मजदूरी का काम करता था। स्थानीय लोगों में अब घटना को लेकर रोष बढ़ रहा है।