राजस्थान में एलपीजी गैस संकट और महंगाई को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शुक्रवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता गैस सिलिंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है और सरकार इस संकट को संभालने में पूरी तरह विफल रही है।
प्रदर्शन के बाद जारी अपने बयान में जूली ने कहा कि आम लोग रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कमी से बेहद परेशान हैं। कई स्थानों पर लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूरी में लोग महंगे दामों पर सिलिंडर खरीद रहे हैं, जिससे घरेलू बजट पर गंभीर असर पड़ रहा है।
आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल खरीद की स्थिति का सीधा असर आम आदमी पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पारदर्शिता नहीं बरत रही और वास्तविक स्थिति को छिपाने की कोशिश कर रही है। एक ओर सरकार किल्लत से इनकार करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हालात इसके विपरीत हैं।
पढ़ें- Rajasthan: कतर से हीलियम सप्लाई बाधित, MRI जांच पर संकट गहराया; पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने सरकार से मांगा जवाब
गैस संकट के बीच कालाबाजारी के बढ़ते मामलों पर भी जूली ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को प्रदेशभर से 1319 शिकायतें मिली हैं, जिनमें से करीब 60 प्रतिशत शिकायतें जयपुर जिले से हैं। राजधानी में ही इस स्तर की कालाबाजारी होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ढिलाई के कारण मुनाफाखोरों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने की बात कही है और सरकार से मांग की है कि कागजी दावों के बजाय जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की जाए। अंत में जूली ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह संकट और गहरा सकता है, जिससे आमजन की परेशानी और बढ़ेगी।