भाजपा नेता डॉ. प्रेमचंद बैरवा होंगे राजस्थान के उप-मुख्यमंत्री
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के होने वाले उप-मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा एससी समाज से आते हैं। वे मौजमाबाद तहसील के श्रीनिवास पुरम के रहने वाले हैं और दलित परिवार से ताल्लुक रखते हैं। बैरवा ने विधानसभा चुनाव 2023 में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर एससी सीट दूदू से चुनाव लड़ा और विधायक बन गए। 54 साल के प्रेमचंद बैरवा शैक्षिक योग्यता में डॉक्टरेट हैं। पहले उनका पेशा खेती और व्यापार रहा है। दरअसल, मंगलवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रेमचंद बैरवा और दीया कुमारी को उप-मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान किया गया है।
दूदू राजस्थान प्रदेश का एक विधानसभा क्षेत्र है। इस निर्वाचन क्षेत्र से साल 2018 के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी बाबूलाल नागर जीते थे। दूदू राजस्थान के जयपुर जिले के अंतर्गत आता है। विधानसभा चुनाव 2018 में निर्दलीय प्रत्याशी बाबूलाल नागर ने भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रेमचंद बैरवा को 14779 वोटों के अंतर से पराजित कर दूदू सीट जीती थी।
गौरतलब है कि कांग्रेस की गहलोत सरकार ने दूदू को नया जिला बनाया था। जयपुर ग्रामीण का हिस्सा रहे इस क्षेत्र से कांग्रेस के बाबूलाल नागर चार बार विधायक रह चुके थे। पिछले नौ चुनावों में कांग्रेस के खातें में 7 जीत और बीजेपी को दो बार सफलता मिली थी। 2018 से 2023 में कांग्रेस के विधायक बाबूलाल नागर मुख्यमंत्री के करीबी नेताओं में से एक माने जाते थे। इसका फायदा उन्होंने दूदू को जिले का दर्जा दिलाने में भी लिया था। जबकि बीजेपी जिले की घोषणा को महज कागजी बताती रही। भाजपा विकास के नाम पर बाबूलाल नागर को कटघरे में खड़ा करती रही। नागर के सामने एक बार विधायक रहे बैरवा को चुनाव लड़ाया और भाजपा कामयाब हो गई। इससे पहले, प्रेमचंद बैरवा ने साल 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हजारी लाल नागर को 33,720 वोटों के अंतर से हराकर दूदू निर्वाचन क्षेत्र जीता था।