BJP Mahila Morcha Protest: गहलोत सरकार के खिलाफ बीजेपी महिला मोर्चा ने सांसद दीया कुमारी के नेतृत्व में थाली बजाकर मुख्यमंत्री आवास के घेराव का प्रयास किया। लेकिन, पुलिस ने महिलाओं को सिविल लाइंस फाटक पर बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया। महिलाओं ने बैरिकेड्स लांघकर आगे जाने की कोशिश की। इस पर महिला कार्यकर्ताओं और महिला पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई, इसमें दो महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गईं।
राजधानी जयपुर में प्रदर्शन के लिए बुधवार सुबह 11 बजे सभी महिला कार्यकर्ता प्रदेश बीजेपी मुख्यालय पर एकत्रित हुईं और सभा का आयोजन किया गया। इसे महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और प्रदेश बीजेपी के नेताओं ने संबोधित किया। उसके बाद महिला कार्यकर्ताओं ने थाली बजाते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। महिलाओं को रोकने के लिए सिविल लाइंस फाटक से पहले बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया था।
विज्ञापन
सांसद दीया कुमारी ने पूरे आंदोलन का नेतृत्व करते हुए अपने भाषण में कहा कि राजस्थान को रेपिस्थान कहा जा रहा है। आज के प्रदर्शन के लिए सुबह 11 बजे सभी महिला कार्यकर्ता प्रदेश बीजेपी मुख्यालय पर एकत्रित हुईं। यहां एक सभा का आयोजन किया गया। इसे महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और प्रदेश बीजेपी के नेताओं ने संबोधित किया।
दीया कुमारी ने कहा, आज राजस्थान बलात्कार के मामले में नंबर वन पर है। लोग इसे राजस्थान की जगह रेपिस्थान कह रहे हैं। यह हमारे लिए शर्म की बात है। कानून व्यवस्था का जिम्मा राज्य सरकार के पास है।
विज्ञापन
गृह विभाग मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा हुआ है। लेकिन, वे साढ़े चार साल अपनी कुर्सी बचाने में ही लगे रहे। ऐसे में प्रदेश की महिलाएं सरकार से जिस संरक्षण की उम्मीद लगाए बैठी थीं, वह उन्हें कभी मिला ही नहीं। लेकिन, अब बहुत देर हो चुकी है। प्रदेश की महिलाएं इस सरकार को सबक सिखाने की ठान चुकी हैं।