गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के हंगामे और विरोध प्रदर्शन पर बीजेपी ने पलटवार किया है। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस पर सदन की कार्यवाही बाधित कर जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
बेढ़म ने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार को घेरने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ढाई साल में सरकार ने कई काम किए हैं, जिससे कांग्रेस मुद्दाविहीन हो गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सदन में स्वस्थ संसदीय परंपरा के साथ जनहित के मुद्दे उठाने चाहिए।
यह भी पढें-
जयपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस का शिकंजा: नौ महिलाओं समेत 11 गिरफ्तार, नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई
'लोकसभा जैसी रणनीति अपना रही कांग्रेस'
गृह राज्य मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकसभा की तरह विधानसभा में भी हंगामा कर कार्यवाही बाधित करने की रणनीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही बाधित करना निंदनीय है। सरकार विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों पर चर्चा और समाधान के लिए तैयार है।
CJP को लेकर भी कांग्रेस पर गंभीर आरोप
स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर हुए विरोध और कथित पत्थरबाजी के आरोपों पर भी बेढ़म ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग CJP का मुखौटा पहनकर अलग-अलग स्थानों पर उपद्रव करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।