स्टिंग मामले में रितु भानावत ने दी सफाई
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में तीन विधायकों से जुड़े कथित स्टिंग ऑपरेशन के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। इस पूरे प्रकरण को लेकर बयाना विधायक रितु भनावत और उनके पति ऋषि बंसल ने अमर उजाला से बातचीत में अपना पक्ष स्पष्ट किया। विधायक रितु भनावत ने कहा कि उनके नाम के साथ ‘डील’ शब्द जोड़कर जान-बूझकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है।
रितु भनावत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डील उसे कहा जाता है, जिसमें किसी प्रकार का पैसा लिया गया हो, कोई लिखित पत्र दिया गया हो, किसी तरह का लेनदेन हुआ हो या फिर कोई मांग की गई हो। उन्होंने कहा कि कथित वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं है। वीडियो को एडिट कर गलत तरीके से पेश किया गया और जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है। विधायक ने कहा कि उन्होंने बरसों के संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है और अब उन्हें पीछे धकेलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से अपील की कि पूरे वीडियो को सदन के पटल पर मंगवाया जाए। यदि वे दोषी पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो लेकिन यदि वे निर्दोष हैं तो स्टिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति देने के लिए सदन में प्रस्ताव लाया जाए। रितु भनावत ने यह भी कहा कि वे इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया का सहारा लेंगी और हर कानूनी लड़ाई लड़ेंगी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Crime: डीडवाना में एसबीआई एटीएम पर सनसनीखेज लूट, गैस कटर से काटकर 20 लाख से अधिक ले उड़े बदमाश
विधायक के पति ऋषि बंसल ने बताया कि एक व्यक्ति लगातार जबरदस्ती उनसे मिलने का प्रयास कर रहा था। वे जहां-जहां गए, वह व्यक्ति वहां पहुंच गया। उन्होंने बार-बार स्पष्ट किया कि विधायक निधि समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद वह व्यक्ति कमीशन का लालच देता रहा। ऋषि बंसल के अनुसार वह व्यक्ति 30, 35 और यहां तक कि 40 प्रतिशत कमीशन की बात करने लगा। जब 40 प्रतिशत कमीशन की चर्चा हुई तो उन्हें शक हुआ और उन्होंने उसकी मंशा समझने के लिए बातचीत जारी रखी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने 2026 के लिए भी पत्र देने की बात कही और पैसे देने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने कोई पैसा नहीं लिया। ऋषि बंसल ने कहा कि पूरे मामले में वे कानूनी कार्रवाई करेंगे और सच्चाई सामने लाएंगे।