Rajasthan: राजस्थान सरकार ने आज राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव के दौरान 8,000 सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह आयोजन जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअली कुछ नए कर्मचारियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, मुझसे पूछा गया था कि 4 लाख नौकरियां कहां से देंगे। अब तक हमने 41,000 नौकरियां दी हैं और हमारी सरकार 4 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने बजट में की गई सभी घोषणाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा, "जिस पार्टी के विधायक ने जो भी मांग की, हमने उसे पूरा किया है कार्यक्रम में भजनलाल शर्मा ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा, "कुछ लोग कहते हैं कि मुरलीवाला काम नहीं करता है। वे मुरलीवाले को मानते ही नहीं हैं। हम सनातनी हैं, और मुरलीवाले में हमारी गहरी आस्था है। जो व्यक्ति काम करने का जज्बा रखता है, भगवान उसका साथ देता है।
विज्ञापन
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा, "पिछली सरकार ने युवाओं के साथ अन्याय किया था, और हम उन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। हमने अब तक कई दोषियों को पकड़ा है, और हमारी जांच लगातार चल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का बयान
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा, "सीएम साहब नामुमकिन को मुमकिन करने की क्षमता रखते हैं। राजस्थान में अब इतनी बिजली उत्पादन हो रही है कि कोई भी व्यक्ति यहां आकर 440 वोल्ट का झटका महसूस करेगा। राज्य सरकार का यह रोजगार उत्सव न सिर्फ बेरोजगार युवाओं के लिए अवसर लेकर आया है, बल्कि सरकार की रोजगार नीति की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित हो रहा है।