ईवीएम में खराबी होने के चलते लाइन में खड़े वोटर
- फोटो : अमर उजाला
अलवर नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 53 के बूथ नंबर 91 पर EVM खराब होने से करीब दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। सुबह 7 बजे से ही मतदाता मतदान के लिए पहुंच गए थे, लेकिन EVM शुरू नहीं होने के कारण उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा। पहली EVM खराब होने के बाद दूसरी मशीन मंगाई गई, लेकिन उसमें भी तकनीकी खराबी सामने आई और बीप की आवाज नहीं आ रही थी। इससे मतदाताओं में आक्रोश बढ़ गया और करीब दो घंटे तक मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
यह भी पढें-
राजस्थान निकाय चुनाव: वोटिंग शुरू, पहले ऐसे चेक करें अपना नाम; वोट डालने के लिए ये 11 दस्तावेज मान्य
सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र नरूका ने बताया कि EVM में बीप की आवाज नहीं आ रही थी, जिसे इंजीनियर को बुलाकर ठीक कराया गया है और अब मतदान शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को मतदान से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। हालांकि सुबह से ही केंद्र पर गहमा-गहमी का माहौल बना रहा। मतदाताओं का कहना था कि वे समय पर वोट डालने पहुंच गए थे, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।।