घरेलू कनेक्शन की डीपी को ट्रांसफर करने के एवज में घूस के रुपये मांगने के मामले में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के टेक्नीशियन लोकेश जांगिड़ को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों एसीबी ने लालसोट से गिरफ्तार किया है।
एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर दौसा इकाई ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए टेक्नीशियन-द्वितीय (लाइनमैन) कार्यालय सहायक अभियंता, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, लालसोट, जिला दौसा लोकेश जांगिड़ को परिवादी से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। घरेलू डीपी कनेक्शन को बदलने की एवज में लोकेश जांगिड़ रिश्वत मांग रहा था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी दौसा को परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके घरेलू कनेक्शन की डीपी को ट्रांसफर करने की एवज में लोकेश जांगिड़ टेक्नीशियन-द्वितीय (लाइनमैन) कार्यालय सहायक अभियंता जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, लालसोट, जिला दौसा द्वारा 11 हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग कर परेशान कर रहा है।
जिस पर एसीबी भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस कालूराम रावत के निर्देशन में एसीबी की दौसा इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार शर्मा ने शिकायत का सत्यापन किया। आज पुलिस निरीक्षक नवल किशोर ने टीम सहित ट्रैप कार्रवाई करते हुए लोकेश जांगिड़ पुत्र रामजीलाल निवासी ग्राम गोल्या, तहसील लालसोट, (लाइनमैन) कार्यालय सहायक अभियंता, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड लालसोट, जिला दौसा को परिवादी से पांच हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी टेक्नीशियन -द्वितीय (लाइनमैन) द्वारा शिकायत के सत्यापन के दौरान ही परिवादी से छह हजार रुपये की रिश्वत राशि वसूल कर ली थी।
एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस कालूराम रावत के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के के तहत मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी।