नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक कपड़ा व्यापारी के कर्मचारी से 20 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। पीड़ित कर्मचारी जब सड़क किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर कचौरी खा रहा था, तभी बदमाशों ने वाहन के पायदान पर रखा रुपयों का बैग उठाया और फरार हो गए।
कचौरी खाते समय हुई वारदात
मूल रूप से सिरोही के रहने वाले पचास वर्षीय चंपालाल जयपुर में चांदपोल के टिक्की वालों के रास्ते में रहते हैं। वह एक कपड़ा व्यापारी के यहां दुकानों से नकदी एकत्र करने का काम करते हैं। घटना वाले दिन चंपालाल माणक चौक से लेकर नाहरगढ़ इलाके तक व्यापारियों से कलेक्शन करके आए थे। कलेक्शन के बाद वह कचौरी खाने के लिए रुके और नकदी से भरा बैग अपनी स्कूटी के आगे रख दिया। इसी दौरान घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने मौका मिलते ही बैग उठा लिया।
हेलमेट पहनकर आए थे बदमाश
पीड़ित चंपालाल और शोर सुनकर आए स्थानीय निवासियों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे तेजी से भाग निकले। सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नाहरगढ़ थानाधिकारी भंवर सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर रखी थी। बदमाशों ने वारदात के समय हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में उनके चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं।
पुलिस कर रही सीसीटीवी की जांच
पीड़ित की शिकायत पर नाहरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आसपास के पूरे इलाके में तुरंत नाकाबंदी करवाई और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है। फिलहाल पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।