विदेश में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गिरोह के लिए रंगदारी मांगने और हथियारों की आपूर्ति करने वाले कुख्यात बदमाश हरिचंद जाट उर्फ हरि बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की ओर से दिए गए इनपुट के आधार पर अमेरिकी जांच एजेंसी आईसीई ने यह कार्रवाई की।
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चतरपुरा गांव का निवासी 40 वर्षीय हरिचंद मूल रूप से बॉक्सिंग कोच रहा है, जिसके कारण आपराधिक जगत में उसे हरि बॉक्सर के नाम से जाना जाता है। आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार और संगठित अपराध के 22 से अधिक मामले दर्ज हैं।
राजस्थान से अमेरिका तक का सफर
हरि बॉक्सर अप्रैल 2023 में अपने पासपोर्ट के माध्यम से भारत से फरार हुआ था। विदेश भागने के बाद वह संयुक्त अरब अमीरात के शहर दुबई पहुंचा। इसके पश्चात वह डोमिनिकन रिपब्लिक और गुयाना गया। फरवरी 2025 में गुयाना में उसकी उपस्थिति का पता चलने पर भारतीय अधिकारियों ने उसकी अस्थायी गिरफ्तारी का अनुरोध भेजा था। हालांकि वह वहां से मेक्सिको के रास्ते अवैध डंकी मार्ग का इस्तेमाल कर अमेरिका में प्रवेश कर गया।
कैलिफोर्निया में उसके छिपे होने की सटीक जानकारी मिलने के बाद एजीटीएफ ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के साथ महत्वपूर्ण इनपुट साझा किए। सीबीआई के माध्यम से पांच देशों को 14 इंटरपोल संदर्भ भेजे गए थे। आरोपी के विरुद्ध रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कराया गया था। अमेरिका को नौ इंटरपोल नोटिस भेजकर उसकी गतिविधियों की जानकारी दी गई थी। इसके बाद 21 फरवरी 2025 को प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट, 19 अगस्त को अद्यतन ब्रीफ डोजियर तथा 29 अक्तूबर को उंगलियों के निशान भेजे गए। इन सब प्रयासों के परिणामस्वरूप अमेरिकी एजेंसी ने उसे हिरासत में ले लिया।
ये भी पढ़ें: श्रीगंगानगर: खुली जेल का गजब खेल, उम्रकैद का कैदी पांच दिन तक घूमता रहा थाईलैंड, जेल में लगती रही फर्जी हाजिरी
संगठित अपराध और धमकियों का तरीका
हरि बॉक्सर केवल रंगदारी मांगने तक सीमित नहीं था, बल्कि विदेश में रहकर हथियारों की आपूर्ति और गिरोह के नए सदस्यों को जोड़ने का काम संभालता था। उसका आपराधिक नेटवर्क राजस्थान के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र तक फैला हुआ था। वह व्यापारियों को डराने के लिए व्हाट्सएप और सिग्नल जैसे एप्लीकेशनों के माध्यम से वीओआईपी कॉल करता था। इन कॉलों के लिए वह विदेशी नंबरों और वीपीएन का उपयोग करता था।
यदि कोई व्यापारी फिरौती देने से मना करता तो आरोपी गिरोह के स्थानीय शूटरों के माध्यम से व्यापारी या उसके परिवार पर गोलीबारी करवाकर दहशत फैलाता था। वह वारदात को अंजाम देने वाले जमीनी सदस्यों और गिरोह के शीर्ष सरगनाओं के बीच मुख्य संपर्क सूत्र के रूप में काम कर रहा था। मुंबई में प्रसिद्ध बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के बाद हरि बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जिम्मेदारी ली थी।
दर्ज मुकदमे और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया
राजस्थान में आरोपी हरिचंद जाट के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध जयपुर, सीकर, झुंझुनू, करौली, बीकानेर, श्रीगंगानगर, चित्तौड़गढ़ और बालोतरा जिलों के थानों में 22 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। इन मामलों में रंगदारी, अवैध हथियार रखने, हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट और संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं शामिल हैं।
अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी के बाद अब राजस्थान पुलिस उसे भारत वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। आरोपी के प्रत्यर्पण के बाद विदेश से चलाए जा रहे गिरोह के नेटवर्क, अवैध हथियारों की आवक तथा राजस्थान में दर्ज आपराधिक मामलों के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।