पुलिस की जिला विशेष टीम वेस्ट ने किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दौलतपुरा इलाके में चल रही नकली खाद फैक्टरी पर छापा मारा है। इस कार्रवाई में विभिन्न कंपनियों तथा ब्रांड के एक हजार से अधिक नकली खाद के कट्टे जब्त किए गए हैं। कारखाने से भारी मात्रा में तैयार सामग्री बरामद करने के साथ ही पुलिस ने मौके से फैक्टरी संचालक सुनील शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन राज्यों तक फैला था आपूर्ति नेटवर्क
एडिशनल डीसीपी वेस्ट राजेश गुप्ता ने बताया कि दो पार्टनर मिलकर इस पूरी फैक्टरी का संचालन कर रहे थे और जयपुर में ही नकली खाद का कच्चा माल तैयार करते थे। इसके बाद अलग-अलग नामी कंपनियों और ब्रांड के नाम वाले कट्टों में नकली खाद भरकर सप्लाई की जाती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नकली खाद की सप्लाई गुजरात, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत अन्य राज्यों तक की जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का मानना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
ये भी पढ़ें: किशनगढ़: आसमान में अटकी सांसें, 3.5 घंटे हवा में चक्कर काटता रहा प्रशिक्षु विमान, एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट
मशीनों व सामग्री की पड़ताल
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता के सुपरविजन में डीएसटी वेस्ट प्रभारी गणेश सैनी और उनकी टीम ने सूचना के आधार पर फैक्टरी में दबिश दी। छापेमारी के दौरान फैक्टरी से बड़ी मात्रा में नकली खाद मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली खाद तैयार करने के लिए किन सामग्रियों और मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके साथ ही पुलिस फैक्टरी से जुड़े अन्य लोगों और दूसरे पार्टनर की भूमिका की भी जांच कर रही है।