Miscreant Shot Rape Victim: राजस्थान की राजधानी जयपुर से अगल होकर नया जिला बने कोटपूतली-बहरोड़ में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो बदमाशों ने एक दुष्कर्म पीड़िता पर चाकू से हमला कर दिया और फिर गोली भी मार दी। आरोपी बदमाश पीड़िता पर तब तक चाकू से वार करते रहे जब उन्हें यह नहीं लगा कि युवती मर गई है। आरोपियों ने पीड़िता के भाई के साथ भी मारपीट की है। पीड़िता पर हमला करने वाले बदमाश में से एक उसके साथ दुष्कर्म करने वाला आरोपी बताया जा रहा है। सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि प्रागपुरा पुलिस थाने से 20 मीटर दूरी पर इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम करीब 7:30 बजे दुष्कर्म पीड़िता अपने भाई के साथ स्कूटी पर सवार होकर प्रागपुरा जा रही थी। रास्ते में उसे दुष्कर्म के आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर उन्हें रोक दिया। पीड़िता के भाई ने जैसे ही स्कूटी रोकी बदमाश युवती पर चाकू लेकर टूट पड़ा। उसने पीड़िता पर एक के बाद एक चाकू से कई वार किए। इस दौरान उसके सीने में गोली भी मार दी। इस दौरान उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल होने के बाद पीड़िता बेहोश हो गई और आरोपी उसे मरा समझकर फरार हो गए। पीड़िता को गंभीर हालत में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिकी उपचार के बाद जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
एक आरोपी हिरासत में
प्रागपुरा थाना पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस रात एक बजे महेश गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं, पीड़िता के भाई के एक बदमाश का नाम राजेंद्र यादव बताया है। आरोपियों की तलाश और मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है।
जून 2023 में युवती से किया था दुष्कर्म
जानकारी के अनुसार कोटपूतली के प्रागपुरा में रहने वाली युवती के साथ जून 2023 में दुष्कर्म हुआ था। इस दौरान उसने थाने में केस दर्ज कराया तो आरोपी की तरह से उसे जान से मारने की धमकी मिलने लगी। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की बात कहकर केस वापस लेने के लिए धमकाया जाने लगा। पीड़िता ने इसे लेकर शिकायत की तो प्रशासन की ओर से उसकी सुरक्षा में दो गार्ड लगा दिए गए, लेकिन दो दिन बाद ही उन्हें हटा दिया गया। अब पीड़िता जिंदगी और मौत के बीच झूझ रही है। परिजनों का कहना है कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था, उसकी ने हमला किया है।