इरादा हो तो इंसान क्या नहीं कर सकता। कुछ ऐसा ही कर दिखाया जयपुर के राहुल तनेजा ने, जिन्होंने अपनी मेहनत के बलबूते सभी को अपने इरादे पूरे करने की प्रेरणा दी है। 16 साल पहले तक ढाबे पर 150 रुपए महीने की नौकरी करने के बाद फिर पंचर की दुकान पर काम किया। मंगलवार को उसी ने 1.5 करोड़ की जगुआर कार पर अपना मनपसंद वीआईपी नंबर आरटीओ में बोली के जरिए 15 लाख रुपए में खरीदा। ये हौसला ही तो है जिसने राहुल इस काबिल बना दिया है।
राहुल ने यह बोली आरजे 45 सीजी 0001 नंबर के लिए लगाई। इतना ही नहीं इस नंबर के लिए 1 लाख 1 हजार रुपए की फीस भी अलग से जमा कराई। इस बोली में तीन फर्मों में भाग लिया था लेकिन आखिरकार राहुल तनेजा ने सबसे महंगी बोली लगाकर नंबर अपने नाम कर लिया। तनेजा इवेंट व वेडिंग मैनेजमेंट कंपनी लाइव क्रिएशन्स के फाउंडर हैं। डीटीओ अनिल सोनी ने बताया कि यह अब तक का प्रदेश का सबसे महंगा नंबर है।