पिछले 10 सालों से आपको गुदगुदाने वाले मशहूर टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के लेखक तारक मेहता का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को निधन हो गया। वो 87 वर्ष के थे। अपने जीवन में लगभग 80 से ज्यादा किताबें लिख चुके तारक मेहता का टीवी शो में किरदार निभाने वाले शैलेश लोढ़ा को भला कौन नहीं जानता। राजस्थान के जोधपुर में जन्में शैलेष लोढ़ा का जन्म 15 जुलाई 1969 को हुआ था। असल जिंदगी के तारक मेहता की तरह टीवी पर हम सब को गुदगुदाने वाले तारक मेहता उर्फ शैलेष लोढ़ा खुद भी एक उम्दा किस्म के कवि,कॉमेडियन एवं लेखक हैं। विज्ञान से स्नातक शैलेष मार्केटिंग में पीजी कर चुके हैं मगर लिखने और हंसाने के शौक ने उन्हें कवि के रूप में पहचान दिलाई। हास्य एवं व्यंग्य से प्यार करने वाले शैलेष अब तक 4 किताबें लिख चुके हैं जिनमें से 'दिलजले का फेसबुक स्टेटस'काफी लोकप्रिय है। शैलेष भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले कवियों में से एक हैं जिनकी कमाई लाखों रूपए में है
लेखिका से ही की शादी
एक बेटी के पिता शैलेष की पत्नी स्वाति लोढ़ा पेशे से खुद भी एक लेखिका हैं जो 'मैनेजमेंट'विषय पर लिखतीं हैं। आपको बता दें कि स्वाति की लिखी हुई किताबों ने कई लोगों का जीवन बदल के रख दिया है। मैनेजमेंट की दुनिया में स्वाति ने अतुलनीय योगदान देने के साथ सामाजिक कार्यों में काफी नाम कमाया है। शैलेष और स्वाति की बेटी का नाम स्वरा है।