राजस्थान के गंगानगर में भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो ने परिवहन विभाग के एक पुलिस उपनिरीक्षक को 33 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र का परिवादी भीमसेन का ग्रिट का कारोबार है। वह इसकी आपूर्ति चुर जिले के छापर से गंगानगर खुद के नौ ट्रक और पांच भाड़े के ट्रकों से करता है। सूत्रों के मुताबिक गंगानगर में परिवहन विभाग में उपनिरीक्षक संत कुमार श्रीवास्तव गंगानगर में आपूर्ति बनाए रखने की एवज में भीमसेन के खुद के नौ ट्रकों के दो हजार रुपये प्रति ट्रक और भाड़े के पांच ट्रकों के तीन हजार रुपये प्रति ट्रक के हिसाब से हर महीने 33 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
सूत्रों ने बताया कि इसकी शिकायत ब्यूरो के उच्चाधिकारियों को की गई तो इस मामले की जांच ब्यूरो की बीकानेर चौकी के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. रविदत्त गौड़ को सौंपी गई। डॉ. गौड़ ने जाल बिछाते हुए गंगानगर में पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास मध्याह्न करीब साढ़े बारह बजे संत कुमार को भीमसेन से 33 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।