भारतीय वायुसेना की एक महिला अधिकारी ने बुधवार सुबह अपने सरकारी आवास में छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोलकाता की रहने वाली 29 वर्षीय अनंदिता दासगुप्ता अपने पति के साथ अपने सरकारी आवास में रहती थीं। वह जोधपुर वायुसेना केंद्र में तैनात थीं। उनके पति भी वायुसेना अधिकारी हैं।
पुलिस ने बताया कि महिला अधिकारी अपने क्वार्टर में छत के पंखे से फांसी पर लटकी पाई गईं। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया है। रक्षा प्रवक्ता एस डी गोस्वामी ने बताया कि मामले में कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस जांच जारी है और इसमें पूरा सहयोग किया जाएगा।
मामले के संबंध में पुलिस का कहना है कि मंगलवारा रात को आनंदिता फेसबुक देख रही थीं। इसे लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसके बाद पति बैडरूम में जाकर सो गया और आनंदिता अलग कमरे में चली गईं। सुबह ढाई-तीन बजे जब पति ने उठकर पत्नी को आवाज लगाई तो कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। कमरे की खिड़की से अंदर देखा तो पत्नी को फंदे से लटका पाया। आनंदिता ने 2008 में अपने साथी अधिकारी से शादी की थी।