भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने आ गए थे। कई जगहों पर टकराव की स्थिति भी बनी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तनाव अब भी जारी है।
शत्रुजीत कपूर गुरुवार को राजस्थान के अलवर स्थित सेंट्रल ट्रेनिंग कॉलेज में आयोजित हिमवीर सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि जुलाई के अंत से अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के असाफिला और माजा इलाकों में तनाव बना हुआ है। भारत ने भी सीमा पर अपनी तैनाती बढ़ा दी है।
पढे़ं: खाटू श्याम मंदिर से लौट रहे आगरा के चार श्रद्धालुओं की मौत, टायर फटने से खाई में गिरी कार
ITBP के DG ने कहा कि जुलाई से अब तक दोनों देशों के बीच तीन उच्चस्तरीय बैठकें हुई हैं। इनमें कार्यकारी तंत्र (WMCC), विशेष प्रतिनिधि वार्ता और कोर कमांडर स्तर की बैठकें शामिल हैं। इन बैठकों के बावजूद सीमा पर तनाव बरकरार है। इसी बीच सितंबर में 18वां ब्रिक्स सम्मेलन भी आयोजित हुआ था, जिसमें हिस्सा लेने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आए थे।
शत्रुजीत कपूर ने आधुनिक युद्ध में ड्रोन की बढ़ती भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ड्रोन ने पारंपरिक युद्ध के तौर-तरीकों को काफी बदल दिया है। ITBP ड्रोन निर्माण और एंटी-ड्रोन क्षमता मजबूत करने पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास अपने संसाधनों की सुरक्षा के लिए ITBP भूमिगत शेल्टर भी बना रही है।