विश्व तंबाकू निषेध दिवस सप्ताह के तहत रविवार सुबह पाली जिले में चिकित्सा विभाग की ओर से साइकिल रैली निकालकर 'जिंदगी चुनो, तम्बाकू नहीं' का संदेश दिया गया। रैली को एडीएम (सीलिंग) जबर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान हर उम्र के लोगों ने तंबाकू उत्पादों के दुष्परिणामों की जानकारी दी।
युवाओं को नशे से दूर रखने और निरोगी राजस्थान अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता साइकिल रैली कलेक्टर निवास से होते रवाना होकर बांगड़ स्कूल, अहिंसा सर्किल, सूरजपोल चौराहा, आंबेडकर सर्किल, गांधी मूर्ति होते हुए पांच मौखा पुलिया होते हुए वापस कलेक्टर निवास पर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
कलेक्टर निवास से शुरू हुई रैली
सीएमएचओ डॉ. इन्दरसिंह राठौड़ ने बताया कि तम्बाकू मुक्त राजस्थान अभियान के क्रम में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस सप्ताह की निरन्तरता में तम्बाकू मुक्त पाली बनाने के लिए रविवार 28 मई को सुबह 6 बजे कलेक्टर निवास से पांच मौखा पुलिया तक साईकिल रैली निकाली गई।
ये रहे मौजूद
साइकिल रैली में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्रिंसिपल के सी सैनी, आयकर विभाग के राजेश भाटी, डॉ. भानू प्रताप त्रिवेदी, प्रोग्रामर नवीन जानी, डीपीएम भवानी सिंह, ईश्वरचंद पारीक, मनोज जैन, जिला आईईसी समन्वयक नन्दलाल शर्मा, रेवंत राम, ग्यान चंद, सवाई सिंह सहित शहर के कई लोगों सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे तथा साइकिल चलाई।
जागरूकता के लिए होगा सेमीनार का आयोजन
कोटपा कार्यक्रम के साइकोलॉजिस्ट व एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के प्रिंसिपल केसी सैनी ने बताया राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे तंबाकू निषेध दिवस सप्ताह के तहत सोमवार 29 मई को जिला परिषद सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को तम्बाकू उत्पादों के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देने एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
जुर्माना वसूलने और चालान काटने की भी होगी कार्रवाई
अभियान के तहत 30 एवं 31 मई को पाली जिले में कोटपा अधिनियम का उल्लंघन करने वाले लोगों और दुकानदारों के चालान काटे जाएंगे और उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। इसके लिए लगभग 5000 लोगों के चालान काटने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को तम्बाकू के दुष्परिणामों के बारे में जागरूकता पैदा करना है तथा कोटपा अधिनियम की पालना सुनिष्चित करना है।
रैली में सीनियर सिटीजन भी हुए उत्साह से शामिल
इस साइकिल जागरूकता रैली में युवाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके तहत 73 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक केसाराम ने भी उत्साह के साथ इस जागरूकता रैली में शामिल हुए। और तो और 59 वर्षीय सीएमएचओ डॉ. इंदर सिंह राठौड़ ने भी पूरी रैली में साइकल चला कर तंबाकू से दूर रहने का संदेश दिया।