पहले झूठा मुकदमा दर्ज करवाने और फिर राजीनामा करने के लिए दबाव बनाकर रूपए मांग रही एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार इस महिला ने जमीन के एक सौदे में एक करोड़ रूपए की मांग की थी।
यह कार्रवाई जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के पूर्व जिले में खोहनागोरियान थानाप्रभारी राजेश विद्यार्थी के नेतृत्व में गठित पुलिस ने की। डीसीपी पूर्व कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सीता देवी है, जो कि खोहनागोरियान क्षेत्र में गांव खोरी निवासी रामगोपाल मीणा की पत्नी है। उसके खिलाफ परिवादी पूरणमल मीणा ने आठ फरवरी को मुकदमा दर्ज करवाया था। जिसमें बताया कि उसने वर्ष 2007 से 2011 के बीच उसने आरोपी सीता मीणा, उसके पति रामगोपाल व रामसहाय की खातेदारी की जमीन खरीदी थी।
पूरणमल ने बताया कि जमीन का सौदा होने और रुपए लेने के बाद सीता देवी और अन्य आरोपियों ने मिलीभगत की। फिर सीता ने कोर्ट में झूठा वाद दायर कर जमीन को विवादित कर दिया। साथ ही झूठे मुकदमे भी दर्ज करवा दिए।