राजस्थान के अलवर जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने सरपंच के पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अपराधियों की धड़पकड़ के लिए व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया है।
जानकारी के अनुसार, मुंडावर इलाके में यह घटना तब हुई जब महावीर यादव अपनी फैक्ट्री से घर वापस लौट रहे थे और आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों तथा सरियों से हमला कर दिया जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि घायल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। उल्लेखनीय है कि यादव की पत्नी बबली देवी अलवर के दरबारपुर की सरपंच हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए कई टीमों का गठन किया गया है।