संत लक्ष्मणदास ने किया डोल मेले का उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
आत्मिक ऊर्जा, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं का संगम माने जाने वाले ऐतिहासिक डोल मेले का शुभारंभ बुधवार को संतों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ। परंपरा के अनुसार सवाई माधोपुर जिले के पुराने शहर स्थित रैगर मोहल्ला रामदेव मंदिर से विशाल डोला यात्रा निकाली गई, वहीं हाड़ौती अंचल के बारां में जलझूलनी एकादशी पर डोल मेले की औपचारिक शुरुआत संत समाज द्वारा की गई।
परंपरा से जुड़ी डोला यात्रा
सवाई माधोपुर के रैगर मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव मंदिर से भव्य डोला यात्रा विधि-विधान और श्रद्धा के साथ निकाली गई। इंद्रदेव की हल्की बारिश के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाचते-गाते यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मिर्जा मोहल्ला और मुख्य बाजार से होती हुई गलता मंदिर पहुंची, जहां भगवान का जल बिहार करवाया गया। इसके बाद यात्रा पुनः रामदेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम जोलिया ने बताया कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है और हर वर्ष डोला ग्यारस पर इस आयोजन को जीवित रखा जाता है।