नाथू सिंह, CI-एसएचओ, सिवाना थाना, बाड़मेर
- फोटो : अमर उजाला
जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो रक्षा की उम्मीद किससे करें। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला बाड़मेर जिले से सामने आया है, यहां पर एक युवती ने हेड कांस्टेबल पर दुकान में बंदकर जबरदस्ती शराब पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए बाड़मेर पुलिस अधीक्षक को परिवाद दर्ज करवाते हुए आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की है। मामला सिवाना क्षेत्र का है। फिलहाल, जिला पुलिस अधीक्षक ने आरोपी हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे परिवाद में बताया कि वह दही लेने के लिए दुकान पर गई थी। इस दौरान दुकान पर मौजूद चालानी गार्ड में तैनात हेड कांस्टेबल जीवाराम ने उसे दुकान के अंदर बुलाया और दुकान का दरवाजा बंद कर दिया। उसके बाद उसे जबरदस्ती शराब पिलाकर दुष्कर्म किया। चार-पांच घंटे दुकान में बंधक बनाकर रखा और रात को किसी को बताने पर परिवार सहित झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए बाहर निकाला।
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक दिगत आनंद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल जीवाराम को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही आरोपी के खिलाफ सिवाना थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करने के निर्देश के बाद मामला दर्ज हुआ। बालोतरा डीएसपी नीरज शर्मा को मामले की जांच सौंपकर पीड़िता का मेडिकल करवाया गया।