हरियाणा से चोरी हुई रोडवेज बस को राजस्थान पुलिस ने पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
चंदेरिया पुलिस ने हरियाणा से चोरी हुई रोडवेज बस को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। राजस्थान के कई शहरों से गुजरते हुए तेज रफ्तार में बस उज्जैन की ओर बढ़ रही थी। रास्ते में बस चालक नशे की हालत में एक के बाद एक पुलिस की नाकेबंदी तोड़ता गया। हालात ऐसे हो गए कि आखिर में चित्तौड़गढ़ पुलिस को हाईवे पर ट्रकों को आड़ा खड़ा कर रास्ता रोकना पड़ा। जैसे ही बस वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर चालक को गिरफ्तार कर लिया और बस को जब्त कर लिया। पूरी कार्रवाई किसी फिल्मी दृश्य जैसी नजर आई।
कंट्रोल रूम के अलर्ट से मचा हड़कंप
कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि हरियाणा से चोरी हुई रोडवेज बस भीलवाड़ा की तरफ से चित्तौड़गढ़ की ओर आ रही है। बस चालक नशे में है और रास्ते में जहां-जहां पुलिस ने नाकेबंदी की, वहां रुकने की बजाय बस लेकर निकल गया।
नाकेबंदी तोड़ी, बैरिकेड्स भी तोड़े
गंगरार थाना क्षेत्र में भी नाकेबंदी की गई, लेकिन चालक वहां भी बस नहीं रोक सका और बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे बढ़ गया। इसके बाद चंदेरिया पुलिस ने रोलाहेड़ा चौराहे पर पहले से रणनीति तैयार कर ली।
ट्रकों से रोका हाईवे, ऐसे दबोची बस
हाईवे पर तीन-चार ट्रकों को आड़ा खड़ा कर रास्ता बंद किया गया, जिससे कुछ देर के लिए जाम लग गया। बस वहां पहुंची तो चालक ने खुद पुलिसकर्मियों से पूछा कि आगे जाम क्यों लगा है। इसी मौके का फायदा उठाकर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
500 रुपये लेकर बस पहुंचाने निकला था चालक
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार चालक की पहचान हरियाणा निवासी अजय कुमार के रूप में हुई। उसने बताया कि वह उज्जैन में वाहन चलाने का काम करता है और किसी काम से जयपुर गया था। वहां बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात नवीन नाम के एक व्यक्ति से हुई। नवीन ने बस की चाबी और 500 रुपये देकर कहा कि बस को उज्जैन पहुंचाना है। अजय ने बिना ज्यादा पूछताछ किए बस लेकर सफर शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें:
'सोशल मीडिया पर छाया है जोधपुर एअरपोर्ट', ऐसा क्यों बोले पीएम मोदी, किस बात की हो रही तारीफ? जानिए
रास्ते में बैठाईं सवारियां, भरवाया डीजल
रास्ते में उसने 10 से 12 सवारियां भी बैठाईं। अजमेर के बांदनवाड़ा इलाके में बस में करीब एक हजार रुपये का डीजल भी भरवाया। पुलिस के अनुसार चालक नशे की हालत में था, इसलिए वह लगातार नाकेबंदी तोड़ते हुए आगे बढ़ता रहा। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि बस हरियाणा से कैसे चोरी हुई, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नवीन नाम का व्यक्ति कौन है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।