गुर्जर आरक्षण की मांग करने वालों से मुलाकात करने जयपुर पहुंचे हार्दिक पटेल को जयपुर एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया। पुलिस ने एस्कार्ट कर उन्हें अजमेर होते हुए उदयपुर के लिए रवाना कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और हार्दिक पटेल एक ही फ्लाइट में दिल्ली से जयपुर पहुंचे थे। पुलिस को इसकी पहले से ही सूचना थी। पुलिस ने पटेल को जयपुर नहीं रुकने दिया और कहा कि वे सीधे उदयपुर चले जाएं।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को शक था कि गुर्जरों से मिलने से जयपुर में हंगामा हो सकता है। न्यायालय के आदेश के कारण पटेल को गुजरात छोड़कर फिलहाल उदयपुर रहना पड़ रहा है। इस घटना के बाद हार्दिक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ ज्यादती की। पटेल ने ट्विट किया कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया, लेकिन पुलिस का कहना है कि उन्होंने कोई गिरफ्तारी नहीं की।