दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को जयपुर में हुई सभा में अपनी पुरानी बातें दोहराईं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी एक महाघोटाला है, जिसके उनके पास सबूत हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यक्तिगत आरोप लगाए।
उन्होंने कहा आम आदमी नोटबंदी से परेशान है। न भ्रष्टाचार रुका है और न ही काला धन। उन्होंने यहां तक कह डाला कि काले कुत्ते को वोट डाल देना, लेकिन भाजपा को नहीं। जयपुर में अरविंद केजरीवाल की यह पहली जनसभा थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर जम कर जुबानी तीर चलाए और सहारा और बिड़ला समूह से पैसा लेने के अपने आरोप यहां भी दोहराए।
केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के बिड़ला और सहारा समूह से पैसा लेने के दस्तावेजी सबूत उनके पास हैं और ऐसा ही पैसा उन्होंने विजय माल्या को भारत से भगाने में भी लिया होगा। उन्होंने कहा कि नाटक करने के लिए प्रधानमंत्री ने अपनी 90 साल की मां को कतार में खड़ा कर दिया।
मोदी ने अपने उद्योगपति मित्रों के बैंकों के कर्जे माफ करने के लिए नोटबंदी कराई है
अरविंद केजरीवाल
- फोटो : amar ujala
वे देश की जनता से त्याग करने को कहते हैं और खुद दिन में छह बार कपडे़ बदलते हैं, जहाजों में घूमते हैं। हमारी बेटियों की शादी ढाई लाख में करने को कहते हैं और उनके दोस्तों की शादियां 500 करोड़ में होती है। केजरीवाल ने कहा कि नोटबंदी से देश का भट्टा बैठ गया है।
केजरीवाल ने कहा कि मोदी ने अपने उद्योगपति मित्रों के बैंकों के कर्जे माफ करने के लिए नोटबंदी कराई है। उन्होंने मांग की कि सरकार को काला धन समाप्त करना है तो पहले अपने उद्योगपति मित्रों को पकड़ो, जिनके नाम स्विस बैंक खातेदारों की लिस्ट में है। उन्होंने सभी दलों और नेताओं के पिछले पांच साल के बैंक खातों की जांच कराने की मांग भी की।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने प्रधानमंत्री की तुलना एक पूर्व शासक अहमद शाह रंगीला से कर दी और यहां तक कहा कि रंगीला ने एक घोडे़ को वित्त मंत्री बना दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए भी उन्होंने कहा कि वे भूकंप तो तभी आ गया था, जब वे पैदा हुए थे।