हनुमानगढ़ के फेफाना थाना क्षेत्र में घने कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नोहर-भादरा मार्ग पर ट्रक और जीप की आमने-सामने की टक्कर में जसाना गांव के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
फेफना थाना प्रभारी विजेंद्र शर्मा ने बताया कि नोहर-भादरा मार्ग पर रात के 10 से 11 बजे के बीच में ट्रक और जीप की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में जसाना गांव के जीप सवार मनोज (29) पुत्र भूराराम और सुरेंद्र (32) पुत्र जीराज भाट की मौके पर मौत हो गई। वहीं, शंकरलाल (पुत्र ओमप्रकाश जाट) और शंकरलाल (पुत्र राजाराम) घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को पहले नोहर के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर गंभीर हालत के चलते सिरसा के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
शवों को नोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटना के समय घना कोहरा था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। मोठ (धान का बोर) से भरा ट्रक नोहर से भादरा की ओर जा रहा था, जबकि जीप विपरीत दिशा से आ रही थी। कम दृश्यता के कारण दोनों वाहन एक-दूसरे को समय रहते नहीं देख पाए और अचानक आमने-सामने आ जाने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक सुरेंद्र के बड़े भाई रामस्वरूप पुत्र जिराज राम भाट ने ट्रक चालक के खिलाफ विपरीत दिशा में आकर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने सड़क हादसे की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतक सुरेंद्र दूध डेयरी का कार्य करता था। इसके साथ ही पिकअप गाड़ी से किराए का कार्य भी करता था। मृतक मनोज और दोनों घायल सुरेंद्र के साथ ही काम करते थे। फेफाना पुलिस थाना प्रभारी विजेंद्र शर्मा ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे घने कोहरे के समय विशेष सतर्कता बरतें और गति सीमा का पालन करें, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।